सोमवार, 14 अक्तूबर 2013

रजिया फिर फँस गई गुंडों में

                                            Artist - Myself


सवाल ये नहीं 
कि रजिया को गुंडों से कौन बचाएगा 
सवाल ये है 
कि रजिया गुंडों से कैसे बचेगी 

जवाब में रजिया हँसती है 

सवाल में रजिया अकेली है 
जवाब में रजिया पहेली है 

हमारे इस सवाल जवाब के फेर में
देखो
रजिया फिर फँस गई गुंडों में.

क्या ज़रुरी

                                              Artist - Myself






















क्या ज़रुरी
कि मैं ऐसा लिखूँ
जिसमे दुनिया के आँसू हों
पडोसी के बीवी का दुःख हो
अरसा पहले मर गए बाप का अफ़सोस हो
और अपने अब तक नहीं किये पापों के लिए खुशी
(जिन्हें ज़रूर कभी करूँगा)

अरे नहीं छूती मुझे औरों कि तकलीफें
माफ करता हूँ मैं खुद को
खुद ही

क्या ज़रुरी
कि जंगल का मतलब
हमेशा हरियाली हो
और मैं
अपने अंदर के कुँए में डूबते हुए
समंदर का सपना
देखूँ
दिखाऊँ

क्या ज़रुरी
कि मेरे हाथ में हमेशा एक
फटा हुआ झंडा हो
(पोंछा मारने वाले कपड़े का)
कि मैं हमेशा ऐसा कुछ कहूँ
जिसका कोई मतलब ना हो
और लोग ताली पीटते हुए हलकान हो जाएँ
कि जैसे कितनी सुन्दर बात कही है
आओ तुम्हे गले लगाऊँ
तुम्ही सँवारोगे इस जहन्नम को

अच्छा जी

क्या ज़रूरी
कि तुम्हारी इन झूठी तालियों के लिए
मैं हरामी ना बन जाऊँ
हरामखोरों

क्या ज़रूरी.