शुक्रवार, 1 अप्रैल 2011

बाप रे.....दिल्ली की सड़क पर

                                                               Artist - Tulsi Ram

















एक बच्चा बस्ते का बोझ
पीठ पर उठाए
खुशी मे हाथ फैलाए भाग रहा है
बाप रे ...
दिल्ली की सड़क पर।
बस की खिड़की से दो आंखे टुकुर-टुकुर देखती हैं,
बस की खिड़की से,
दिल्ली की खिड़की खुलती है
दिल्ली की खिड़की से दिखते दृश्य मे
एक बच्चा पृथ्वी की अनंतता मे भाग रहा है
बस आगे निकल आती है
और खिड़की का फ्रेम बदल जाता है
दृश्य बदल जाता है
दिल्ली , दिल्ली ही रहती है
फिर भी
आंखे एक दिल्ली से दूसरी
दूसरी से तीसरी और जाने कितनी दिल्लियों पर
छलांग लगाती है
खिड़की के बाहर दृश्य बदल चुका है
पर वो बच्चा अब भी भाग रहा होगा
पृथ्वी का बोझ पीठ पर लिए
पृथ्वी की अनंतता मे
बाप रे.....।
दिल्ली की सड़क पर.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें